फेमस बॉलीवुड हस्ती के युवा संगीतकार बेटे की मौत

प्लेबैक सिंगर अनुराधा पौडवाल के बेटे आदित्य पौडवाल का 35 साल की उम्र में निधन हो गया है। वह कथित तौर पर पिछले कुछ महीनों से किडनी की बीमारियों से पीड़ित थे। शनिवार सुबह अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। मौत का कारण किडनी फेल होना बताया गया है। आदित्य पौडवाल एक संगीतकार थे।

शंकर महादेवन ने फेसबुक पर खबर की पुष्टि की। महादेवन ने लिखा कि, “यह सुनकर हतप्रभ! हमारे सबसे प्यारे आदित्य पौडवाल अब नहीं रहे !! इस पर विश्वास नहीं कर सकते! एक अद्भुत संगीतकार और एक प्यारा इंसान है !! मैंने अभी एक गाना गाया था जो दो दिन पहले इतनी खूबसूरती से उनके द्वारा तैयार किया गया था।”

आदित्य पौडवाल भी अपनी मां की राह पर ही चल रहे थे। आदित्य भजन और भक्ति गीत गाने के साथ साथ म्यूजिक भी कंपोज करते थे। एक बार अपने इंटरव्यू में आदित्य ने कहा था कि वह भक्ति गीतों पर ही अपना ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं। वह एक बहुत अच्छे म्यूजिक डायरेक्टर भी थे। आदित्य पौडवाल का नाम देश में सबसे कम उम्र के म्यूजिक डायरेक्टर की कैटगरी में ‘लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ में शामिल है।

भारत सरकार द्वारा अनुराधा पौडवाल को साल 2017 में पद्मश्री अवार्ड से सम्मानित किया गया था। इसके अलावा अनुराधा पौडवाल को महाराष्ट्र सरकार और मध्य प्रदेश सरकार से भी सम्मान प्राप्त हो चुका है। अनुराधा पौडवाल के एक बेटा आदित्य पौडवाल थे और एक बेटी कविता पौडवाल हैं, अनुराधा पौडवाल के पति अरुण पौडवाल थे जो प्रसिद्ध संगीतकार एसडी बर्मन के सहायक थे। अरुण स्वयं एक संगीतकार थे। नब्बे के दशक में अनुराधा पौडवाल अपने करियर के पीक पर थीं, उसी समय उनके पति अरुण पौडवाल की एक दुर्घटना में मौत हो गई थी।

Share Now

Related posts

Leave a Comment